Monday 14 September 2015

मप्र. में महिला सुरक्षा के दावों की पोल खुली


मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कई बार दावा कर चुके हैं कि मध्यप्रदेश महिलाओं के लिए सुरक्षित प्रदेश हैं। यहां की महिलाएं खुद को अन्य राज्यों के मुकाबले सुरक्षित महसूस करती हैं। मुख्यमंत्री इतना ही नहीं बल्कि खुद को लड़कियों का मामा कहलाना पसंद करते हैं। एक साक्षात्कार के दौरान जब उनसे मामा कहलाने के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि मामा अर्थात मा मा, जिसमें दो मां हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश को महिलाएं मायके के जैसा महसूस करें, वह यही चाहते हैं।
लेकिन हाल ही में जारी किए गए नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं, तो शिवराज सिंह चौहान का यह दावा खोखला साबित होता है।  आंकड़ों के मुताबिक, पूरे देश में दुष्कर्म के मामले में मध्यप्रदेश अव्वल है।  पिछले दस सालों में 2005 से 2014 के बीच मध्यप्रदेश में दुष्कर्म के 34,143 मामले
दर्ज किए गए। राज्य में हर दिन 13 दुष्कर्म के मामले सामने आते हैं और पीड़ितों में आधी लड़कियां नाबालिग हैं। यह तो केवल वे मामले हैं, जो पुलिस थानों में दर्ज हुए हैं, अगर इनमें सामने न आने वाले मामले जोड़ दिए जाएं, तो आंकड़ों की संख्या दोगुनी हो सकती है;
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लड़कियों के लिए कई योजनाएं जैसे,
लाड़ली लक्ष्मी योजना, बेटी बचाव अभियान, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना चला
रखी हैं। मध्यप्रदेश सरकार का दावा है कि राज्य में लड़कियों की सुरक्षा
और उन्नति के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं यह आंकड़े बेहद चौंकाते हैं, क्येांकि   जिस प्रदेश का मुख्यमंत्री सुरक्षा को लेकर बड़े—बड़े दावे करता हो, उस प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की इतनी बड़ी संख्या सोचने पर विवश कर देती है।
पिछले दस सालों के आंकड़े बताते हैं कि राज्य सरकार महिलाओं को लेकर कितनी चिंतित है। मुख्यमंत्री के दावे कितने सच हैं।
मुख्यमंत्री साहब यह बताएं कि ‘मामा’ बनने का उनका वादा कितना सच है। महिला सुरक्षा को लेकर उन्होंने पिछले 12 साल से ज्यादा समय के अपने शासन में क्या कदम उठाए हैं। मध्यप्रदेश की निवासी होने के नाते यह सवाल मेरे मन में उठ रहे हैं।  अपनी सुरक्षा को लेकर मेरी चिंता लाजिमी है, उम्मीद है कि मुख्यमंत्री साहब इसका उचित उत्तर देंगे। 

No comments:

Post a Comment